राज्य
25-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली-गुरुग्राम और आईजीआई एयरपोर्ट पर बढ़ते ट्रैफिक जाम से राहत के लिए डीआईएएल ने कई प्रस्ताव दिए हैं। जिस पर आज गुरुग्राम अथॉरिटी की बैठक होनी है। डीआईएएल की रिपोर्ट में द्वारका एक्सप्रेसवे विस्तार, बारापुला एक्सटेंशन और अन्य बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स प्रस्तावित हैं। दिल्ली और गुरुग्राम के बीच लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम और इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रास्ते पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने की तैयारी शुरू हो गई है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डीआईएएल) ने द्वारका एक्सप्रेसवे को मायापुरी रिंग रोड तक बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है। जिससे सेंट्रल दिल्ली की ओर जाने वाले लोग एयरपोर्ट और महिपालपुर के जाम से बच सकेंगे। इस पर आज ग्रुरुग्राम अथाॅरिटी की बैठक होनी है। डीआईएएल द्वारा तैयार की गई एरिया-वाइड डी-कंजेशन स्ट्रेटेजी ट्रांसपोर्ट कनेक्टिविटी मास्टर प्लान ऑफ दिल्ली एयरपोर्ट रिपोर्ट में कई बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का प्रस्ताव दिया गया है। इसके अलावा बारापुला एक्सप्रेसवे को महिपालपुर तक बढ़ाने, यूईआर-2 विस्तार, रंगपुरी बाईपास, गुरुग्राम में ग्रेटर सदर्न पेरिफेरल रोड, रेजांगला चौक पर एलिवेटेड फ्लाईओवर और तालकटोरा-बारापुला लिंक जैसे प्रोजेक्ट भी प्रस्तावित किए गए हैं। यह रिपोर्ट मार्च के पहले सप्ताह में गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी को सौंपी गई थी, जिस पर आज चर्चा होनी है। पहले यह बैठक 12 मई को होनी थी। रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली और गुरुग्राम के बीच ट्रैफिक मुख्य रूप से एनएच-48 पर निर्भर है, जबकि द्वारका एक्सप्रेसवे और ओल्ड दिल्ली-गुरुग्राम रोड जैसे वैकल्पिक रास्ते भी, जो अंत में इसी हाईवे में आकर मिल जाते हैं। यही वजह है कि महिपालपुर, शिव मूर्ति और खेड़की दौला जैसे इलाकों में हर दिन भारी जाम की स्थिति बनी रहती है। एनएच-48 और ओल्ड दिल्ली-गुरुग्राम रोड पर यातायात क्षमता से कहीं ज्यादा दबाव है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/25/ मई/2026