- आर्थिका माताजी प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच की रखी मांग राजगढ़ (ईएमएस)l सोमवार को जिले के सारंगपुर में सकल जैन समाज ने संत सुरक्षा और पूज्य आर्थिका माताजी के निधन मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग को लेकर नगर में मौन रैली निकाली। सभी समाजजन श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर पर एकत्रित हुए और शांतिपूर्वक अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुंचे। यहां महामहिम राष्ट्रपति और शासन के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में जैन समाज ने हाल ही में विहाररत पूज्य आर्थिका माताजी के साथ हुई दुखद घटना पर गहरी वेदना व्यक्त की। समाज ने कहा कि यह घटना केवल सामान्य सड़क दुर्घटना प्रतीत नहीं होती। उपलब्ध तथ्यों, वीडियो क्लिप और परिस्थितियों के आधार पर समाज में गंभीर आशंका और चिंता का वातावरण बना हुआ है। समाज ने पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। समाजजनों ने बताया कि जैन साधु-संत पूर्णतः अहिंसक, निहत्थे और पैदल विहार करने वाले तपस्वी होते हैं। वे किसी प्रकार की सुरक्षा या भौतिक सुविधाओं का उपयोग नहीं करते, बल्कि समाज में संयम, करुणा और अहिंसा का संदेश देते हैं। ऐसे संतों के साथ लगातार हो रही दुर्घटनाएं और हमले अत्यंत चिंताजनक हैं। - एसडीएम को सौपा ज्ञापन ज्ञापन के माध्यम से समाज ने इस प्रकरण की एसआईटी अथवा न्यायिक जांच कराने, दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा संत सुरक्षा प्रोटोकॉल तत्काल लागू करने की मांग की। इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस सहयोग, प्रशासनिक समन्वय एवं पैदल विहार करने वाले संतों के लिए राष्ट्रीय गाइडलाइन बनाने की मांग भी उठाई गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान सकल जैन समाज अध्यक्ष नरेंद्र जैन, पूर्व अध्यक्ष निर्मल जैन, सकल दिगंबर जैन समाज अध्यक्ष मनोज जैन, श्वेतांबर मूर्ति पूजा संघ अध्यक्ष प्रदीप बरडिया, सकल जैन समाज महामंत्री अरविंद चौधरी, कोषाध्यक्ष अनिल जैन, दिगंबर जैन समाज महामंत्री दीपक जैन, विवेक जैन, पूर्व अध्यक्ष विजय जैन, महावीर दिगंबर जैन मंदिर अध्यक्ष निर्मल जैन, लतेश सिंघई, चंद्रकुमार जैन, दिनेश लोढ़ा, विजय बरडिया, अजय जैन, सुधीर श्रीमाल,नीरा, श्वेता जैन, अर्पिता जैन, श्वेता सिंघई, किरण जैन, रेखा जैन, सीमा जैन, मनीषा जैन, अनुपमा जैन, आशा जैन, साधना जैन, निर्मला जैन, मीना जैन बड़ी संख्या में समाजजन और महिलाएं उपस्थित रहीं। - राजगढ़/25/5/2026