कोरबा (ईएमएस)। कोरबा जिलान्तर्गत बांगो थाना क्षेत्र के दमहामुड़ा अंतर्गत गांधी मोहल्ला में एक मादक द्रव्य पदार्थ के आदी पति पर मादक द्रव्य पदार्थ के क्रय करने हेतु पत्नी द्वारा पैसे नहीं देने पर अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर देने का आरोप लगा हैं। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और सनसनी मिश्रित माहौल व्याप्त हैं। जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह लगभग 11:00 बजे घटित हुई हैं। बताया जा रहा हैं की कथित आरोपी पति अत्यधिक मादक द्रव्य पदार्थ के सेवन का आदी है। आरोप हैं की वह अपनी पत्नी से मादक द्रव्य पदार्थ के क्रय करने हेतु पैसों की मांग कर रहा था। जब पत्नी ने पैसे देने से साफ इंकार कर दिया, तो वह अपना आपा खो बैठा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि पति ने घर के आंगन में ही रखे डंडे और अन्य धारदार औजारों से अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट लगने के कारण तड़प-तड़प कर महिला की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। बताया जा रहा हैं की दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड की खबर जैसे ही आस-पास के लोगों को लगी, गांधी मोहल्ला में हड़कंप मच गया। घटना के बाद मृतका का लहूलुहान शव घर के आंगन में ही पड़ा रहा। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा तत्काल इसकी सूचना बांगो थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बांगो थाना प्रभारी अपने दल-बल के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता और साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस ने बिलासपुर से फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को भी मौके पर बुलाया। इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद भी कथित आरोपी पति कहीं भागा नहीं, बल्कि वह घटनास्थल पर ही मौजूद रहा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसको हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बांगो पुलिस का कहना है कि कथित आरोपी पति को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। फॉरेंसिक टीम और पुलिस की संयुक्त जांच के बाद ही मामले का पूरा आधिकारिक ब्यौरा सामने आएगा। बहरहाल, मादक द्रव्य पदार्थ के सेवन की लत के कारण एक महिला को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा और एक हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह बिखर गया। - 25 मई