क्षेत्रीय
25-May-2026
...


- सांसद ने एस्टीमेट सहित नई सड़कों के प्रस्ताव शासन की मंजूरी के लिये भेजने के दिए निर्देश ग्वालियर (ईएमएस)| ग्वालियर शहर के यातायात को बेहतर व सुगम बनाने के लिये नई वैकल्पिक कनेक्टिविटी सड़कों व फ्लाईओवर निर्माण की रूपरेखा तैयार की गई है। इनका सर्वे करा लिया गया है। सांसद भारत सिंह कुशवाह ने नई कनेक्टिविटी सड़कों व फ्लाईओवर के प्रस्ताव एस्टीमेट सहित शासन की स्वीकृति के लिए भेजने के निर्देश दिए हैं। सांसद श्री कुशवाह जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। प्रस्तावित नई सड़कों में 7 नम्बर चौराहा से लाल टिपारा होते हुए एयरपोर्ट तक सर्कुलर रोड, राजपायगा तिराहे से कस्तूरबा तिराहे तक नाले को पाटकर सड़क निर्माण, आईएसबीटी बस स्टैण्ड से भिण्ड जाने के लिए मलगढ़ा हजीरा थाना चौराहे से महू, विक्रमपुर, भदरौली होते हुए शनिश्चरा रोड तक, तक सड़क, गोले का मंदिर चौराहे पर फ्लाईओवर, बारादरी चौराहा होते हुए हुरावली रोड तक फ्लाईओवर, नाका चंद्रबदनी से मांडरे माता तक सड़क निर्माण, चिरवाई नाका से कस्तूरबा तिराहा तक सड़क, इन्दरगंज से हनुमान चौराहा तक फ्लाईओवर, पुराने एबी रोड पर बहोड़ापुर से गिरवाई नाके से आगे तक फ्लाईओवर निर्माण, सब्जी मंडी से मुरली गार्डन तिघरा रोड इत्यादि शामिल है। सोमवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में सांसद भारत सिंह कुशवाह की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक में जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव, विधायक मोहन सिंह राठौर, पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष केशव सिंह बघेल, भाजपा जिला अध्यक्ष शहर जयप्रकाश राजौरिया व ग्रामीण प्रेम सिंह राजपूत, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, एडीएम सी बी प्रसाद तथा धर्मेन्द्र तोमर, कुलदीप यादव व श्रीमती अनीता खेमरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे। साथ ही लोक निर्माण, सेतु संभाग, सड़क विकास प्राधिकरण एवं यातायात व्यवस्था से संबंधित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बत्ती वाले चौराहों पर धूप व वर्षा से बचाव के लिए लगेंगे शेड सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह की पहल पर शहर के व्यस्ततम एवं अधिक ट्रैफिक वाले लाल बत्ती चौराहों – तिराहों पर सोलर पैनल सहित शेड लगने जा रहे हैं। श्री कुशवाह ने अपनी सांसद निधि से इन शेड के निर्माण के लिये 1.20 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की है। इन शेड के बनने से हरी बत्ती का इंतजार करने के दौरान साइकिल व दुपहिया वाहन चालकों एवं पैदल यात्रियों का धूप व बारिश से बचाव हो सके। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में बताया गया प्रथम चरण में शहर के जिन पाँच चौराहों पर यह शेड बनने जा रहे हैं उनमें गोले का मंदिर चौराहा, आकाशवाणी तिराहा, राजमाता तिराहा, कटोराताल चौराहा-अचलेश्वर मंदिर की ओर एवं पड़ाव चौराहा शामिल हैं। जल्द शुरू होगा आईएसबीटी से बसों का संचालन सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने आईएसबीटी बस स्टेण्ड को जल्द से जल्द बस आवागमन के लिये शुरू करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में तय किया गया कि इसी माह 31 अक्टूबर को वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बस ऑपरेटर्स की फायनल बैठक कर आईएसबीटी से बसों का संचालन शुरू कराया जायेगा। प्रथम चरण में भिण्ड व मुरैना की ओर जाने वाली बसें आईएसबीटी से संचालित होंगीं। हिट एण्ड रन मामलों में 7 परिवारों को 8 लाख की सहायता जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य अतिथियों ने सरकार द्वारा हिट एण्ड रन मोटरयान दुर्घटना के 7 प्रकरणों में मंजूर की गई 8 लाख रुपए की सहायता राशि के स्वीकृति पत्र भी संबंधित लोगों को सौंपे गए। इनमें सड़क दुर्घटना में मृत हुए स्व. मदन चौहान, स्व. वीरेन्द्र जाटव व स्व. राजेश जाटव के आश्रितों को 2 – 2 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत हुई है। सड़क दुर्घटना में घायल हुए श्री बबलू शाक्य, सुश्री संजना उचाड़िया, श्री अमर सिंह बाथम व श्रीमती सुरुचि गुप्ता को 50 – 50 हजार रुपए की सहायता सरकार ने स्वीकृत की है। बैठक की अन्य खास बातें एवं निर्देश • शहर की जिन सड़कों पर पोल शिफ्टिंग के लिये जगह नहीं मिल रही है, उन सड़कों का नक्शे के अनुसार सीमांकन कराकर पोल शिफ्ट कराए जायेंगे। • लगातार यातायात नियमों के उल्लंघन पर 1502 लोगों के ड्रायविंग लायसेंस निरस्त। • रोंग साइड वाहन चलाने वालों के पिछले दो माह में लगभग 6700 चालान। • जीडीए सहित अन्य एजेंसियों द्वारा शहर में प्रस्तावित सड़कों का काम शुरू करने से पहले ट्रैफिक को लेकर यातायात समिति की बैठक में अनुमोदन कराने के निर्देश। • मैरिज गार्डनों की पार्किंग सक्रिय कराने पर दिया गया विशेष जोर। • हनुमान बांध से शनिदेव मंदिर मार्ग के निर्माण की बाधायें दूर करने के निर्देश।