- इंदौर की तर्ज पर तलाब के किनारे बनेगा फूड जोन : राकेश सिंह जबलपुर (ईएमएस)। गंगा दशहरा के अवसर पर जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ऐतिहासिक संग्राम सागर तालाब परिसर में स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के नेतृत्व में हुए इस अभियान में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और शहरवासियों ने भाग लेकर तालाब परिसर की सफाई की। कार्यक्रम के माध्यम से जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया गया। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि शहर की ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित करने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि संग्राम सागर क्षेत्र को पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विरासत भी और विकास भी” के मंत्र के अनुरूप इस क्षेत्र के विकास की योजना तैयार की गई है। रानी की गली या रानी की रसोई नाम का सुझाव … मंत्री श्री सिंह ने बताया कि संग्राम सागर के सामने वाले हिस्से को आधुनिक स्वरूप देने की कार्ययोजना पर काम शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि इंदौर की प्रसिद्ध 56 दुकान की तर्ज पर यहां आधुनिक फूड जोन विकसित किया जाएगा। इस परिसर को रानी दुर्गावती की स्मृति से जोड़ने के लिए रानी की गली या रानी की रसोई जैसे नाम सुझाए गए हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोटिया, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज और पंकज दुबे सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सुनील साहू / शहबाज / 25 मई 2026/ 06.25