* 104 करोड़ के हाईटेक छात्रावास और 67 करोड़ के भव्य उमियाधाम मंदिर परियोजना की देंगे सौगात अहमदाबाद (ईएमएस)| केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आगामी 28 मई को अपने गृह राज्य गुजरात के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह अपने संसदीय क्षेत्र गांधीनगर अंतर्गत विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में भाग लेंगे। गृह मंत्री के दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन और संबंधित संस्थाओं द्वारा जोर-शोर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस दौरे का मुख्य आकर्षण श्री उमियाधाम परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक बॉयज और गर्ल्स हॉस्टल का भव्य उद्घाटन रहेगा। पाटीदार समाज के विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए करीब 104 करोड़ रुपये की लागत से इस हाईटेक छात्रावास का निर्माण किया गया है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस छात्रावास में कुल 400 कमरे बनाए गए हैं, जहां लगभग 1600 छात्र-छात्राओं के रहने और भोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई है। यह हॉस्टल केवल आवासीय सुविधा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विद्यार्थियों के करियर निर्माण का प्रमुख केंद्र भी बनेगा। यहां विशेष रूप से यूपीएससी और जीपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए संस्थागत मार्गदर्शन और कोचिंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा छात्रों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के लिए हाईटेक ई-लाइब्रेरी, आधुनिक जिम, हाईस्पीड लिफ्ट और विशाल पार्किंग जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इसी अवसर पर विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन एडमिशन प्रक्रिया का भी औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। गृह मंत्री अपने दौरे के दौरान उमियाधाम परिसर में निर्माणाधीन भव्य मंदिर परियोजना की भी समीक्षा करेंगे। सोला में करीब 67 करोड़ रुपये की लागत से मां उमिया के विशाल मंदिर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। मंदिर की खास बात यह है कि इसके निर्माण में राम मंदिर अयोध्या की तर्ज पर राजस्थान के प्रसिद्ध बंसीपहाड़पुर के गुलाबी पत्थरों का उपयोग किया जा रहा है। यह पूरा मंदिर पारंपरिक भारतीय स्थापत्य शैली के अनुसार बनाया जा रहा है, जिसमें लोहे का एक भी टुकड़ा इस्तेमाल नहीं किया जा रहा। पत्थरों की आंतरिक जोड़ तकनीक से तैयार हो रहा यह मंदिर आने वाली कई सदियों तक मजबूती से खड़ा रहेगा। सतीश/25 मई