एटा (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के एटा जिले के मारहरा थाना क्षेत्र में कथित तौर पर घर के पास नल से पानी भरने गई 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी का अपहरण कर तीन आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान विरोध करने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, और तीसरे अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, घटना शनिवार रात करीब 11 बजे की है। किशोरी अपने भाई को पानी देने के लिए घर के पास लगे नल पर गई थी। आरोप है कि तभी गांव के ही लवकेश उर्फ लब्बा और निरंजन सिंह अपने एक अज्ञात साथी के साथ वहां पहुंचे। आरोपियों ने किशोरी का मुंह दबाकर उसे जबरन गाड़ी में खींच लिया और सुनसान जगह ले जाकर उसके साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता की मां के मुताबिक, वह अपने बेटे को खाना देकर लौट रही थी, काफी देर तक बेटी के वापस न आने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, इसके करीब ढाई घंटे बाद किशोरी गंभीर और बदहवास हालत में घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मारहरा पुलिस सक्रिय हुई। सदर क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संकल्पदीप कुशवाहा ने बताया कि पीड़िता के पिता की शिकायत पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों लवकेश और निरंजन को गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया। मामले की जांच सीओ सदर कर रहे हैं। तीसरे अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जितेन्द्र 25 मई 2026