राजगढ़(ईएमएस)l मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समय सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के संतोषजनक एवं बेहतर निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को बधाई दी तथा कहा कि आमजन की समस्याओं का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सीएम हेल्पलाईन में संतोषजनक प्रदर्शन करने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले अधिकारियों में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सारंगपुर राजेश राजपूत, जिला प्रबंधक म.प्र. स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन महेश कुमार चौधरी, उप आयुक्त सहकारिता प्रेमसिंह बारोटिया, कनिष्ठ यंत्री ऊर्जा विभाग मेवालाल चौहान एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी खिलचीपुर श्रीमती स्वाति वाईकर शामिल हैं। बैठक में सार्थक उपस्थिति, जल गंगा संवर्धन अभियान एवं विभिन्न विभागों से संबंधित नकारात्मक समाचारों की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नकारात्मक समाचारों से जुड़े प्रकरणों में त्वरित एवं उचित कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। इसके साथ ही अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी राजगढ़ श्रीमती निधि भारद्वाज को जेल विभाग से संबंधित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की व्यक्तिगत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। जल निगम से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए सभी अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी को निर्देशित किया गया कि पेयजल शिकायतों की सख्ती से निगरानी करें। उन्होंने कहा कि घर-घर तक पानी पहुंचना चाहिए तथा आमजन को पेयजल सहज रूप से उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित किया जाए। यदि ठेकेदार कार्य में लापरवाही बरत रहे हों अथवा अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर रहे हों तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। - खराब प्रदर्शन पर कार्रवाई के निर्देश सीएम हेल्पलाइन में असंतोषजनक प्रदर्शन पाए जाने पर कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभाग को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, ब्यावरा के प्रतिनिधि की सीएम हेल्पलाइन ग्रेडिंग में लगातार खराब प्रदर्शन एवं सुधार नहीं होने पर वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों के निराकरण में गंभीरता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।-निखिल/राजगढ़/25/5/2026