भोपाल (ईएमएस) । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पेट्रोल-डीजल के तीसरी बार की गई वृद्धि को लेकर भाजपा सरकार पर कड़ा हमला बोला है। साथ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा पूर्व में ही इस व़द्धि को लेकर सचेत करने की बात को याद दिलाया था। नाथ ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि आज पेट्रोल और डीजल की कीमत में क्रमश: रू2.61 प्रति लीटर और रू2.71 प्रति लीटर की वृद्धि के साथ मध्य प्रदेश में डीजल 100 रुपए के पार और पेट्रोल 115 रुपए लीटर तक महंगा हो गया है। हमारे नेता राहुल गांधी ने 15 मई को हुई पहली बढ़ोत्तरी के समय ही कहा था कि यह शुरुआत है और अभी लगातार $कीमत बढ़ाई जाएंगी। उन्होंने समय रहते ही देश के सामने आ रहे आर्थिक संकट और महंगाई के बारे में एक्शन लेने को कहा था। लेकिन सरकार समय रहते नहीं चेती। दुर्भाग्य की बात है कि सरकार महंगाई रोकने के लिए टैक्स में कटौती करने के बजाय सारा बोझ जनता पर डाल रही है। सरकार इस सच्चाई से मुँह फेर रही है कि जब कच्चे तेल के दाम कम थे तब तेल की कीमतें कम नहीं की गई थीं। सरकार के इसी निकम्मेपन के कारण नए रेट के मुताबिक, भोपाल में 1 लीटर पेट्रोल की कीमत 114.65 रुपए और डीजल 99.74 रुपए में हो गई है। प्रदेश के 5 बड़े शहरों में उज्जैन में तेल सबसे ज्यादा महंगा है। डीजल 100.11 रुपए और पेट्रोल 115.03 रुपए में मिलेगा। इंदौर में 114.54 रुपए में पेट्रोल और 99.57 रुपए में डीजल दिया जाएगा। जबलपुर और ग्वालियर में भी कीमतें बढ़ी है। आशीष पाराशर/25 मई2026