राज्य
25-May-2026
...


मेधावी छात्रा खुशी राय सहित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों का हुआ सम्मान भोपाल(ईएमएस)। अखिल भारत वर्षीय हैहय कलचुरी महासभा मध्य प्रदेश की वार्षिक आमसभा की बैठक एलटी हॉल, जे.के. हॉस्पिटल, एलएऩसीटी विश्वविद्यालय, कोलार रोड, भोपाल में गरिमामय वातावरण में आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, महासचिव एवं समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में भजन गायिका नीलम जायसवाल एवं वैष्णवी राय द्वारा सुंदर एवं भक्तिमय भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए जिला पदाधिकारियों द्वारा संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने हेतु अपने विचार व्यक्त किए गए। सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन को और अधिक सशक्त एवं संगठित बनाने का संकल्प लिया। मंचासीन वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा अपने उद्बोधन में समाजहित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्रदान की गई। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अनुपम चौकसे द्वारा समाजहित एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट एम.एल. राय द्वारा महेश्वर में निर्माणाधीन राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु धाम के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए समाजजनों से सहयोग का आह्वान किया गया तथा महासभा की स्थापना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह समिति वर्ष 1935 में पंजीकृत हुई थी, जिसे हम सभी आज निरंतर आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। इनका हुआ सम्मान- कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि के रूप में महापौर श्रीमती मालती राय, भारतीय जनता पार्टी की जिला उपाध्यक्ष श्रीमती गुंजन चौकसे एवं अश्वनी राय, जिला उपाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारीगण का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। वही समाज की प्रतिभाशाली बेटी कु. खुशी राय ने 12वीं परीक्षा में मध्य प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर समाज एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर एलएनसीटी ग्रुप के सचिव एवं महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अनुपम चौकसे ने उन्हें 21,000 (इक्कीस हजार रुपए) की सम्मान राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। महापौर श्रीमती मालती राय ने अपने उद्बोधन में कहा कि महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयनारायण चौकसे के संकल्पों को पूरा करने हेतु हम सभी निरंतर प्रयासरत रहेंगे तथा समाज के प्रत्येक कमजोर वर्ग की हरसंभव सहायता करेंगे। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं, उन्हें समाज द्वारा संचालित शिक्षण संस्थानों एवं महाविद्यालयों में अध्ययन करना चाहिए, जिससे समाज का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हो सके। उन्होंने कु. खुशी राय से भी एलएनसीटी ग्रुप में अपनी शिक्षा पूर्ण करने का आग्रह किया। अंत में प्रदेशभर से आए सभी जिलों के अध्यक्षों एवं महासचिवों द्वारा मंचासीन वरिष्ठ पदाधिकारियों का फूलमाला, शॉल एवं दुपट्टा पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। हरि प्रसाद पाल / 25 मई, 2026