राज्य
25-May-2026
...


:: गंगा दशमी पर हुआ जलाशय का पूजन; जल संसाधन मंत्री ने जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान, महापौर की नागरिकों से हर शुक्रवार नो कार डे की अपील :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के पारंपरिक जल स्रोतों को सहेजने के लिए जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विकास कार्यों की शुरुआत हो गई है। गंगा दशमी के पावन अवसर पर ऐतिहासिक अन्नपूर्णा तालाब में जलाशय पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और क्षेत्रीय विधायक मधु वर्मा ने विधि-विधान से पूजन कर 1.50 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों और छठ पूजा घाट निर्माण का भूमि पूजन किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को जल एवं पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई। :: जल का उत्पादन संभव नहीं, प्रबंधन ही एकमात्र रास्ता :: समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि बढ़ता जल संकट भविष्य की सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पानी का कोई कृत्रिम उत्पादन नहीं किया जा सकता, केवल इसका संरक्षण और कुशल प्रबंधन ही संभव है। जब तक जल सहेजने का यह प्रयास हर नागरिक की जिम्मेदारी नहीं बनेगा, तब तक लक्ष्य पाना कठिन है। उन्होंने इस अभियान को एक बड़ा जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी सुरक्षित किया जा सके। :: बढ़ती आबादी के बीच वाटर हार्वेस्टिंग और नो कार डे की जरूरत :: इसी कड़ी में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इंदौर की बढ़ती आबादी और पानी की लगातार बढ़ती मांग पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि समय की मांग को देखते हुए नागरिकों को जल संरक्षण के प्रति अधिक जागरूक होना होगा। महापौर ने सभी शहरवासियों से मानसून से पहले अपने घरों में अनिवार्य रूप से रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की अपील की। इसके साथ ही, पर्यावरण सुधार और ईंधन की बचत के लिए उन्होंने नागरिकों से प्रत्येक शुक्रवार को नो कार डे अपनाने का भी आग्रह किया। :: श्रद्धालुओं के लिए बनेगा छठ पूजा घाट :: क्षेत्रीय विधायक मधु वर्मा ने विकास कार्यों की रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि अन्नपूर्णा तालाब को जल संरक्षण के साथ-साथ आस्था के केंद्र के रूप में भी निखारा जा रहा है। इस स्वीकृत राशि से तालाब परिसर के जीर्णोद्धार के साथ यहाँ एक सर्वसुविधायुक्त छठ पूजा घाट का निर्माण किया जा रहा है। इससे पूर्वांचल समाज सहित क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं को त्योहारों के दौरान बड़ी सहूलियत मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रबुद्ध जनों ने तालाब परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का दृढ़ संकल्प लिया। प्रकाश/25 मई 2026