- भाजपा पर लगाया चुनाव प्रभावित करने का आरोप रायपुर (ईएमएस)। सूरजपुर जिले के शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर चुनाव प्रभावित करने के लिए झूठा मामला दर्ज कराने का आरोप लगाया है। विरोध स्वरूप प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज विश्रामपुर थाने के सामने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं चुनाव संचालक नरेन्द्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत झूठा मामला दर्ज किया गया है। पार्टी का कहना है कि यह कार्रवाई चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से की गई है। मामले को लेकर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात कर दोषी थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा को चुनाव में हार का अंदेशा हो गया है, इसलिए वह सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा के “अलोकतांत्रिक कदमों” का मजबूती से विरोध करेगी। कांग्रेस महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी इस आंदोलन में शामिल होने के लिए कल सूरजपुर जाएंगे। विश्रामपुर थाने के सामने जारी अनिश्चितकालीन धरने में सांसद ज्योत्सना महंत, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद हैं। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/25 मई 2026