- जमानत मिलने के मामले में हाईकोर्ट ने आरोपी सास को जारी किया नोटिस - सीबीआई जल्द शुरु कर सकती है जॉच - सेकंड पीएम रिर्पोट मिलने में लगेगा समय भोपाल(ईएमएस)। ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने आरोपी सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस राज्य सरकार और ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा की उस याचिका पर जारी हुआ है, जिसमें ट्रायल कोर्ट से मिली गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत का विरोध किया गया है। - गिरिबाला सिंह जांच में नहीं कर रही सहयोग सोमवार को सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से पेश महाधिवक्ता प्रशांत सिंह ने कहा कि गिरिबाला जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं। वहीं, गिरिबाला सिंह के वकील मृगेंद्र सिंह ने कहा- यह कहना गलत है कि हम जांच में सपोर्ट नहीं कर रहे हैं। हमें पिटीशन के दस्तावेज नहीं मिले हैं, इसलिए जवाब दाखिल करने के लिए समय चाहिए। ट्विशा के पिता के वकील ने मीडिया से बातचीत में बताया की अदालत ने रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब पेश करने को कहा है। 27 मई को अगली सुनवाई तय की गई है। - भोपाल कोर्ट में पुलिस ने पेश नहीं किया प्रतिवेदन वहीं साक्ष्यो को सुरक्षित करने के प्रतिवेदन पर पूर्व जज गिरिबाला कैस की सुनवाई भोपाल कोर्ट ने कल तक के लिए टाल दी है। बताया गया है की पुलिस की और से प्रतिवेदन ना मिलने के कारण के की सुनवाई को टाला गया है। कोर्ट ने कल तक पुलिस प्रतिवेदन कोर्ट में पेश करने के लिए पुलिस को आदेश दिया है। - सीबीआई जल्द शुरु कर सकती है छानबीन उधर, मामले की जांच अब सीबीआई करेगी। एजेंसी की टीम सोमवार को दिल्ली से भोपाल के लिए रवाना हो गई। सूत्रो के मुताबिक टीम शाम तक भोपाल पहुंचकर स्थानीय पुलिस से केस अपने हेंडओवर कर लेगी। - पुलिस हर बिंदु की कर रही है बारीकी से पड़ताल इस घटना को लेकर भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि रिमांड पर लिये गये ट्विशा के पति समर्थ सिंह से लगातार पूछताछ की जा रही है। उसके बयानों का क्रॉस वेरिफिकेशन हो रहा है। पुलिस बैंक डिटेल्स, कॉल रिकॉर्ड और फरारी के दौरान उसे मदद करने वालों की जानकारी जुटा रही है। पूर्व जज गिरिबाला सिंह से भी उनके घर जाकर पूछताछ की गई। और निर्देश मिलते ही केस डायरी सीबीआई को सौंप दी जाएगी। - सेकंड पीएम रिर्पोट मिलने में लगेगा समय मीडिया रिर्पोटस के मुताबिक दिल्ली एम्स के फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी विभाग के प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार गुप्ता का कहना है की ट्विशा की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने में अभी कुछ समय लगेगा। पीएम के दौरान कलेक्ट किये गये हिस्टोपैथोलॉजी और विसरा का एनालिसिस किया जाना बाकी है। - ऋषिकेश में गंगा नदी में विसर्जित होंगी ट्विशा की अस्थियां ट्विशा के परिजन सोमवार सुबह भदभदा घाट पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान और शुद्धिकरण की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अस्थियां एकत्रित की। शुद्धिकरण संस्कार के बाद अस्थियों को कलश में सुरक्षित रखा गया। बताया जा रहा है कि ट्विशा की अस्थियों का विसर्जन करने के लिये परिवार जल्द ही ऋषिकेश के लिए रवाना होगा। जहां पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ गंगा नदी में अस्थि विसर्जन किया जाएगा। - 12 मई को ससुराल में फंदे पर लटकी मिली थी ट्विशा शर्मा गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं। ट्विशा की मौत को लेकर जहॉ ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया है, वहीं मायके पक्ष ने पति और ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है। जुनेद / 25 मई