राज्य
25-May-2026


:: शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र की अनूठी पहल : भंवरकुआं स्थित तक्षशिला परिसर में अनुभवी शिक्षकों से पढ़ने का मौका, डिजिटल लाइब्रेरी और कंप्यूटर लैब की भी सुविधा :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की मुख्य परीक्षा 2026 की तैयारी कर रहे होनहार विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। शहर के भंवरकुआं क्षेत्र स्थित शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र द्वारा आगामी 1 जून से निःशुल्क कोचिंग क्लास शुरू की जा रही है। इस विशेष प्रशिक्षण सत्र में एमपीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा 2026 में सफलता प्राप्त कर चुके पात्र अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा की बारीकियां सिखाई जाएंगी। संस्थान की प्राचार्य और सहायक आयुक्त आशा चौहान ने बताया कि इस कल्याणकारी योजना का लाभ उठाने के लिए योग्य विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी भंवरकुआं के खंडवा रोड स्थित नवीन विधि महाविद्यालय के सामने, तक्षशिला परिसर में संचालित केंद्र से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने अपील की है कि विद्यार्थी आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन जल्द से जल्द जमा करें ताकि समय पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जा सके। :: ये विद्यार्थी होंगे योजना के पात्र :: शासन के नियमानुसार इस निःशुल्क प्रशिक्षण का लाभ केवल मध्य प्रदेश के मूल निवासी अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के विद्यार्थियों को ही मिलेगा। आवेदन के लिए अभ्यर्थी के परिवार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 6 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष तय की गई है। साथ ही अभ्यर्थी का एमपीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा 2026 में उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। कोचिंग में पढ़ाई का माध्यम पूरी तरह हिंदी रहेगा। :: छात्रावास नहीं, पर मिलेगी छात्रवृत्ति और सर्वसुविधायुक्त लाइब्रेरी :: संस्थान प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि केंद्र द्वारा विद्यार्थियों को छात्रावास (हॉस्टल) की सुविधा नहीं दी जाएगी। हालांकि, नियमानुसार विद्यार्थियों को उनकी बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर छात्रवृत्ति और आवास सहायता राशि प्रदान की जाएगी। प्रशिक्षण केंद्र में एक सर्वसुविधायुक्त पुस्तकालय (लाइब्रेरी) भी उपलब्ध है, जिसमें सिविल सेवा सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी महत्वपूर्ण पुस्तकें मौजूद हैं। इसके साथ ही डिजिटल दौर की पढ़ाई के लिए यहाँ कंप्यूटर लैब की सहूलियत भी तैयार की गई है। :: इंटरव्यू तक का मिलेगा मार्गदर्शन :: कक्षाओं के संचालन के लिए केंद्र ने योग्य और अनुभवी अतिथि प्राध्यापकों (विजिटिंग फैकल्टी) की टीम तैयार की है। यह संस्थान केवल मुख्य परीक्षा ही नहीं, बल्कि प्रारंभिक परीक्षा से लेकर साक्षात्कार (इंटरव्यू) स्तर तक का संपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करता है। प्रकाश/25 मई 2026