इन्दौर (ईएमएस) मारपीट के एक सनसनीखेज घटनाक्रम में एक नगर सैनिक के खिलाफ पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज किया है, वहीं इसी मामले में नगर सैनिक की शिकायत पर भी अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला छत्रीपुरा थाना क्षेत्र का है। और इस पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज सोशल साइट्स पर वायरल हो रहा है जिसमें नगर सैनिक एक युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहा है। छत्रीपुरा थाना पुलिस के अनुसार पीड़िता यशोदा पथरोड की शिकायत पर कुंदन नगर निवासी नगर सैनिक प्रशांत श्रीवास और उसकी मंगेतर साक्षी के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है। यशोदा ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि वह घर पर थी। तभी उसके देवर राजेश की दोस्त ममता की बेटी साक्षी एक वर्दी पहने युवक के साथ उनके घर आई और पुराने विवाद को लेकर दोनों देवर राजेश को अपशब्द कहने लगे। यह सुनकर मेरे पति हीरालाल पथरोड बाहर आए। उन्होंने और मेरे देवर ने उन दोनों को अपशब्द कहने से मना किया। इससे गुस्साई साक्षी ने साथ आए वर्दीधारी युवक प्रशांत को मारपीट करने के लिए कह दिया। इतना सुनते ही प्रशांत ने राजेश को गिरा दिया। वह उसे घसीटते हुए सड़क पर ले गया। यहां साक्षी ने राजेश को पत्थर से मारा, जो उसके सिर पर लगा है। वहीं प्रशांत ने भी झाडू और डंडे से उसके साथ मारपीट की। वहीं इसी मामले में नगर सैनिक प्रशांत श्रीवास की शिकायत पर पुलिस ने यशोदा और उसके देवर राजेश उर्फ सेठी के खिलाफ भी मारपीट का मामला दर्ज किया है। प्रशांत ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि उसकी मंगेतर साक्षी के घर द्वारकापुरी में राजेश उर्फ सेठी ने विवाद किया था। इसी वजह से वह मंगेतर साक्षी बागड़ी को लेकर राजेश को समझाने उसके घर 12 खोली राजमोहल्ला गया था। जैसे ही वह राजमोहल्ला पहुंचा, राजेश पथरोड और उसकी भाभी यशोदा ने उसकी मंगेतर को अपशब्द कहे। जब उसने दोनों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने साक्षी और उसके साथ हाथापाई कर थप्पड़-मुक्कों से उसके साथ मारपीट की। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रास रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई कर रही है। आनंद पुरोहित/ 25 मई 2026