* ओलम्पिक बैठकों के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंस से सुनी लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए निर्देश अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी इन दिनों ओलम्पिक से जुड़ी महत्वपूर्ण बैठकों और खेल विकास योजनाओं के सिलसिले में तीन दिवसीय विदेश दौरे पर हैं। इस दौरे में उनके साथ आईएएस अधिकारी अश्विनी कुमार और राहुल गुप्ता भी मौजूद हैं। हालांकि विदेश में होने के बावजूद उपमुख्यमंत्री ने अपनी प्रशासनिक जिम्मेदारियों से दूरी नहीं बनाई। सोमवार को सामान्य दिनों की तरह गांधीनगर स्थित उपमुख्यमंत्री कार्यालय में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और आवेदन लेकर पहुंचे। शुरुआत में लोगों के बीच यह असमंजस था कि विदेश दौरे के कारण उनकी सुनवाई कैसे होगी, लेकिन बाद में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हर्ष संघवी सीधे जनता से जुड़े। वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें उपमुख्यमंत्री के सामने रखीं। हर्ष संघवी ने हर एक प्रस्तुति को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए। इस दौरान उपस्थित लोगों में संतोष का माहौल देखने को मिला कि विदेश में रहने के बावजूद सरकार उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील और सक्रिय है। राज्य सरकार पिछले कुछ समय से तकनीक के माध्यम से प्रशासन को अधिक प्रभावी और जनसुलभ बनाने की दिशा में काम कर रही है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जनता से सीधा संवाद डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खासतौर पर उच्च पदों पर बैठे नेताओं द्वारा इस तरह जनता को समय देना और उनकी समस्याएं सुनना सराहनीय माना जा रहा है। ओलम्पिक से संबंधित बैठकों के लिए उपमुख्यमंत्री का यह विदेश दौरा काफी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इन बैठकों में गुजरात में खेलों के विकास और भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हो रही है। उनके साथ गए अधिकारी भी विभिन्न व्यवस्थाओं और आयोजन संबंधी मुद्दों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं। विदेश में रहते हुए भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जनता की समस्याएं सुनने के इस कदम ने लोगों के बीच सकारात्मक संदेश दिया है। यह पहल दर्शाती है कि तकनीक का सही उपयोग सरकार और जनता के बीच की दूरी को कम कर सकता है। सतीश/25 मई