अंबरनाथ, (ईएमएस)। इसे विडंबना ही कहेंगे कि एक ओर जहाँ अंबरनाथ नगर परिषद द्वारा बगीचों और उद्यानों के सुंदरीकरण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई उद्यानों की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे नजर आ रही है। इसका ताजा उदाहरण अंबरनाथ पूर्व के शिवगंगा नगर स्थित चिल्ड्रन पार्क में देखने को मिला है, जहां रात के समय शराबियों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगने लगा है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, पानी की टंकी के पास बने इस पार्क में अंधेरा होते ही असामाजिक तत्वों का कब्जा हो जाता है। शराब पीने के बाद पार्क परिसर और वॉकिंग ट्रैक पर बोतलें फोड़ी जाती हैं, जिससे जगह-जगह कांच के टुकड़े फैल गए हैं। इससे सुबह-शाम टहलने आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। इस मुद्दे को लेकर मनसे के अंबरनाथ शहर सचिव अविनाश सुरसे ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पार्क की बदहाल स्थिति और टूटी हुई शराब की बोतलों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे इसी पार्क में “शराब की बोतलों की अनोखी प्रदर्शनी” लगाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। अविनाश सुरसे ने बताया कि शराबियों द्वारा वॉकिंग ट्रैक पर फेंकी गई टूटी बोतलों के कारण आम नागरिकों को परेशानी हो रही थी। इसलिए उन्होंने स्वयं श्रमदान कर ट्रैक से कांच हटाने का काम किया। उनका कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण पार्क का माहौल पूरी तरह खराब हो चुका है। वहीं, स्थानीय नगरसेविका सुजाता भोईर ने भी पार्क की सुरक्षा व्यवस्था को गंभीर समस्या माना है। उन्होंने बताया कि चिल्ड्रन पार्क और आसपास के एक अन्य उद्यान में सुरक्षा बढ़ाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, लेकिन कुछ अज्ञात लोगों ने कैमरों की वायर काट दी। उन्होंने कहा कि पार्क में दिन-रात सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाने की मांग नगर पालिका से लिखित रूप में की गई है। नगरसेविका ने यह भी आश्वासन दिया कि जल्द ही पार्क का दोबारा सुंदरीकरण कराया जाएगा और यहां फैली अव्यवस्था को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इधर, लगातार बढ़ रही इस समस्या को लेकर स्थानीय नागरिकों में भी भारी नाराजगी है। लोगों ने नगर परिषद और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पार्क में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की जाए, ताकि बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थान फिर से सुरक्षित और स्वच्छ बन सके। संतोष झा- २५ मई/२०२६/ईएमएस