पटना, (ईएमएस)। बिहार पुलिस ने पटना में ऑटो के जरिए लोगों को निशाना बनाकर लूट और ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का बड़ा खुलासा किया है। अगमकुआं, चित्रगुप्तनगर और बेउर थाना क्षेत्रों में लगातार हो रही घटनाओं के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी वैशाली जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनके पास से लाखों रुपये नकद, नकली गहने, वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देता था। गिरोह का एक सदस्य ऑटो चालक बनकर सड़कों पर घूमता था, जबकि बाकी सदस्य सवारी बनकर उसी ऑटो में बैठे रहते थे। जैसे ही कोई अकेला यात्री ऑटो में बैठता, बदमाश उसे अपने जाल में फंसा लेते थे। इसके बाद सुनसान जगह पर ले जाकर उससे लूटपाट की जाती थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह नकली सोने के गहनों के जरिए लोगों को ठगने का काम भी करता था। आरोपी खुद को मजबूर बताकर लोगों को सस्ते दाम में सोना बेचने का झांसा देते थे। जब लोग उनके बहकावे में आ जाते, तब उनसे पैसे लेकर नकली गहने थमा दिए जाते थे। इस तरह की शिकायतें पुलिस को लगातार मिल रही थीं। बढ़ती घटनाओं को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद छापेमारी कर चारों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने जैसे दिखने वाले दो चैन, एक जोड़ी झुमका, चार पीस बाला, चांदी जैसे दिखने वाले आठ पीस बाला, पांच जोड़ी पायल और 6 लाख 56 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किया गया एक सीएनजी टेम्पू, एक बाइक और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से राजधानी के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय था। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। संतोष झा- २५ मई/२०२६/ईएमएस