हाथरस (ईएमएस)।विकासखंड सासनी में ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ तथा बाल विवाह ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक जिलाधिकारी अतुल वत्स, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित के निर्देशन तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी सीमा मौर्या के नेतृत्व में संपन्न हुई।बैठक में बाल संरक्षण सेवाओं के अंतर्गत बच्चों के सुरक्षित एवं संरक्षणात्मक वातावरण, बाल विवाह रोकथाम, बच्चों को हिंसा और दुर्व्यवहार से बचाने तथा परित्यक्त नवजात शिशु मिलने पर तत्काल सूचना देने जैसे विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।महिला कल्याण विभाग के संरक्षण अधिकारी विमल कुमार शर्मा ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, दत्तक ग्रहण योजना और रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष की जानकारी दी। वहीं वन स्टॉप सेंटर की केस वर्कर फारिहा नोशी ने महिलाओं को मिलने वाली कानूनी सहायता, आश्रय, परामर्श और चिकित्सीय सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, आईसीडीएस विभाग तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां उपस्थित रहीं। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 25 मई 2026