हाथरस (ईएमएस)।जनपद में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से सतर्कता बरतने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है। विभाग ने हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए “क्या करें और क्या न करें” संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और श्रमिक वर्ग लू से अधिक प्रभावित हो सकते हैं। लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में निकलने से बचने की सलाह दी गई है। बाहर निकलते समय हल्के और ढीले कपड़े पहनने, सिर को टोपी, छाता या गमछे से ढकने तथा अधिक मात्रा में पानी, शिकंजी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने को कहा गया है।विभाग ने घर और कार्यस्थल पर पर्याप्त ठंडक और वेंटिलेशन बनाए रखने की सलाह दी है। साथ ही अत्यधिक गर्मी में भारी शारीरिक श्रम, बासी भोजन और अधिक कैफीनयुक्त पेय पदार्थों के सेवन से बचने को कहा गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अपील की है कि लू के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क करें। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 25 मई 2026