इंदौर (ईएमएस)। विष्णुपुरी के सचखंड मार्ग स्थित श्री गुरु अरजन देव जी खेल मैदान पर खेली जा रही चढ़दी कला ट्रॉफी सिख प्रीमियर लीग क्रिकेट स्पर्धा में इन दिनों रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। चौके-छक्कों की बरसात के बीच खिलाड़ी मैदान पर अपनी खेल प्रतिभा का उम्दा प्रदर्शन कर रहे हैं। स्पर्धा के सातवें दिन सोमवार को खेले गए मैच में शेर-ए-पंजाब ने निमाड़ इलेवन पर 9 विकेट से एकतरफा और आसान जीत दर्ज की। मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी निमाड़ इलेवन की टीम शेर-ए-पंजाब की सधी हुई गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सकी। टीम निर्धारित 8 ओवरों में 6 विकेट खोकर महज 46 रन ही बना सकी। निमाड़ इलेवन की ओर से सपन ने सर्वाधिक 19 रन और कप्तान निशांत ने 6 रनों का योगदान दिया। शेर-ए-पंजाब की तरफ से घातक गेंदबाजी करते हुए भाईजी सेवक सिंह और गुलदीप सिंह ने 2-2 विकेट चटकाए। :: साहिब सिंह की आतिशी पारी, 4 ओवर में जीता मैच :: आसान से लक्ष्य का पीछा करने उतरी शेर-ए-पंजाब की टीम ने साहिब सिंह की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत केवल 4 ओवरों में 1 विकेट खोकर लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। साहिब सिंह ने विपक्षी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए अपनी आतिशी पारी में 4 गगनचुंबी छक्के और 3 चौके जड़कर नाबाद 40 रन बनाए। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, इंद्रजीत सिंह खनूजा और सुधीर कोल्हे मैदान पर पहुंचे और आयोजकों की इस पहल को सराहा। इस अवसर पर अमरजीत सिंह बग्गा और प्रीतपाल सिंह भाटिया भी विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम में आए अतिथियों का भावभीना स्वागत हरपाल सिंह भाटिया, चरणजीत सिंह सैनी, हरप्रीत सिंह बक्शी, अमरजीत सिंह भाटिया और सुखजिंदर चहल ने किया। प्रकाश/25 मई 2026