राज्य
25-May-2026
...


खरगोन (ईएमएस)। खरगोन के मुल्लानवाड़ी क्षेत्र में घर के ओटले पर बैठने की बात को लेकर युवकों के साथ हुए विवाद में चाकूबाजी एवं महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घायल मां- बेटे का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। बेटे ने घर में घुसकर चाकू मारने एवं मां ने हाथ मरोड़ते हुए मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने घायलों की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में उपचाररत अफसर ने पुलिस को बताया कि 24 मई की रात करीब साढ़े दस बजे वह अपने घर पर था। उसके घर के सामने पड़ोसी शाकिप और आकिब कुछ अन्य लोगों के साथ ओटले पर बैठे मोबाइल चला रहे थे और गाली.गलौज कर रहे थे। इन युवकों को ओटले से जाने को कहा तो, शाकिप भड़क गया और अफसर को मां-बहन की गालियां देने लगा। जब अफसर ने गालियां देने से मना किया तो शाकिप ने अपने हाथ में लिए छोटे चाकू से उस पर हमला कर दिया। चाकू अफसर के सीने के पास बाईं पसली में लगा, जिससे खून निकलने लगा। अफसर की चीख सून उसकी मां रानी बीच-बचाव करने आईं। इतने में शाकिप का भाई आकिब भी आ गया। दोनों भाइयों ने मिलकर रानी के साथ झूमाझटकी की। रानी ने आरोप लगाया कि शाकिप और आकिब ने उनका हाथ मरोड़ा और उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया और मारपीट की। मारपीट में रानी को बाएं हाथ की कलाई के पास चोंट आई है। पड़ोसियों ने बीच-बचाव किया। शाकिप और आकिब जाते.जाते धमकी देकर गए कि अगर आज के बाद उन्हें ओटले पर बैठने से रोका तो जान से मार देंगे। पुलिस ने अफसर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। ईएमएस/ नाजिम शेख/ 25 मई 2026