खरगोन (ईएमएस)। गंगा दशमी पर्व के अवसर पर जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत कुंदा नदी में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कतारबद्ध होकर कुंदा से जलकुंभी व गंदगी हटाई और जल संरक्षण व स्वच्छता का संदेश दिया।आयोजित कार्यक्रम में विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान समाज और संस्कृति के संरक्षण का अभियान है। आज स्वच्छ पेयजल एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। हमारे शास्त्रों में कहा गया हैपरोपकाराय बहन्ति नद्य:, परोपकाराय फलन्ति वृक्षा:श्। नदियां, वृक्ष और संत हमारी संस्कृति के आधार स्तंभ हैं, जिनका संरक्षण प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि नर्मदा नदी की कृपा से क्षेत्र में सिंचाई एवं भूजल स्तर में सुधार हुआ है, जबकि 10 वर्ष पूर्व गंभीर पेयजल संकट की स्थिति थी। कई गांवों में अनेक बोरवेल होने के बावजूद पानी उपलब्ध नहीं हो पाता था। आज स्थिति बेहतर है, फिर भी स्वच्छ जल भविष्य की बड़ी चुनौती बना हुआ है। जिले में 16 प्रमुख नदियां हैं। नर्मदा को छोड़कर अधिकांश नदियां एक समय सूख चुकी थीं, लेकिन नर्मदा आधारित जल परियोजनाओं से सहायक नदियों में पुन: जल प्रवाह प्रारंभ हुआ है। अब आवश्यक है कि इन जलस्रोतों को स्वच्छ रखा जाए, जिससे यह प्रवाह निरंतर बना रहे।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल गंगा संवर्धन अभियान की योजनाएं क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर बनाई जाएं। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती छाया जोशी, जिला पंचायत सीईओ मिलिंद कुमार नागदेवे, एसडीएम वीरेंद्र कुमार कटारे, नगर पालिका सीएमओ सुश्री कमला कौल, स्वास्थ्य अधिकारी प्रकाश चित्ते, सहायक यंत्री श्री जमरे पार्षदगण सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। ईएमएस/ नाजिम शेख/ 25 मई 2026