खरगोन (ईएमएस)। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस में अतिरिक्त कक्षाओं के लिए बनने वाले नवीन भवन के निर्माण कार्य का विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने भूमि पूजन किया। निर्माण कार्य बिल्डिंग डेवलपमेंट कॉरपोरेशन द्वारा कराया जाएगा। भूमिपुजन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि विधायक श्री पाटीदार ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना का विकास विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। नवीन भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। महाविद्यालय में अध्ययन का वातावरण और अधिक सुदृढ़ होगा। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और यह भवन विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात साबित होगा। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जीएस चौहान ने कहा कि अतिरिक्त कक्षाओं के निर्माण से विद्यार्थियों को पर्याप्त शैक्षणिक स्थान उपलब्ध होगा, जिससे शिक्षण व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनेगी। ईएमएस/ नाजिम शेख/ 25 मई 2026