खरगोन (ईएमएस)। झिरन्या क्षेत्र में किसानों, आम उपभोक्ताओं एवं ग्रामीणों से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर प्रशासन को ग्रामीणों ने अलग-अलग आवेदन सौंपे हैं। इन आवेदनों में हरी मिर्च किसानों को उचित मूल्य नहीं मिलने, बीएसएनएल नेटवर्क लाइन कार्य के नाम पर सड़कों की दुर्दशा और दुर्घटनाओं के साथ ही गैस एजेंसी द्वारा कथित अनियमितताओं, कालाबाजारी और उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार जैसे आरोप लगाते हुए मामलों की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। ग्रामीण मगन जाधव, साईसिंह सिसोदिया, राजू जाधव, गब्बरसिंह चौहान, मिथुन जायसवाल, गिना नार्वे, मांगीलाल पूर्व सरपंच, भीमसिंह डावर, अनिल जमरे एवं भीमसिंह जमर ने बताया कि कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में हरी मिर्च की फसल का उचित मूल्य नहीं मिलने की शिकायत की ळै। किसानों का आरोप है कि व्यापारियों द्वारा उचित बोली नहीं लगाई जा रही, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। दूसरे ज्ञापन में झिरन्या क्षेत्र में बीएसएनएल नेटवर्क लाइन और सोलर कार्य के नाम पर सड़क खुदाई कर अधूरा काम छोडऩे का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित कंपनी और ठेकेदार द्वारा सड़कें खोदने के बाद उन्हें व्यवस्थित तरीके से नहीं बनाया गया, जिससे सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त और खतरनाक हो चुकी हैं। यह दुर्घटना का कारण बन रहे है। इसी तरह एक अन्य ज्ञापन में क्षेत्र की गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं पर जबरन गैस पाइप एवं अन्य सामग्री खरीदने का दबाव बनाया जाता है और मना करने पर अभद्र व्यवहार किया जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्याएं क्षेत्रिय जनप्रतिनिधियों को भी बताई, लेकिन कोई निराकरण नही हुआ, इसलिए कलेक्टर से इन समस्याओं के निराकरण की आस में शिकायत की है। ईएमएस/ मोहने/ 25 मई 2026