:: 25 जून को मतदान और उसी दिन परिणाम; कोषाध्यक्ष पद महिला वकील के लिए आरक्षित :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर अभिभाषक संघ (बार एसोसिएशन) के वर्ष 2026-2027 के चुनावी महासंग्राम की तारीखों का आधिकारिक ऐलान हो गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी विमल कुमार मिश्रा के अनुसार, संघ के विभिन्न पदाधिकारी पदों और कार्यकारिणी सदस्यों को चुनने के लिए आगामी 25 जून को मतदान होगा। खास बात यह है कि इसी दिन मतों की गणना कर देर शाम तक परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। इस बार का चुनाव बेहद ऐतिहासिक होने जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के कड़े निर्देश के बाद बार एसोसिएशन के चुनावों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण की सौगात दी गई है। इस नए समीकरण के कारण इस बार कोषाध्यक्ष का पद पूरी तरह महिला वकील के लिए आरक्षित रहेगा। वहीं, कार्यकारिणी के कुल छह पदों में से दो पदों को महिला वकीलों के लिए सुरक्षित किया गया है। इस फैसले के बाद से ही महिला वकीलों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। :: 11 जून से वितरित होंगे फॉर्म, 22 को तय होगी अंतिम तस्वीर :: चुनाव अधिकारी द्वारा जारी विस्तृत समय-सारणी के अनुसार, चुनावी प्रक्रिया की शुरुआत 11 जून से होने जा रही है। प्रत्याशी 11 से 13 जून तक (दोपहर 2 से शाम 5 बजे) नामांकन फॉर्म ले सकेंगे। इसके बाद 15 से 17 जून तक फॉर्म जमा किए जा सकेंगे। जमा फॉर्मों की स्क्रूटनी (जांच) 18 जून को होगी और 19 जून की शाम वैध उम्मीदवारों की सूची जारी होगी। नाम वापसी के लिए 22 जून को दोपहर 12 से 2 बजे तक का समय नियत किया गया है, जिसके बाद इसी दिन शाम 5 बजे प्रत्याशियों की अंतिम और वास्तविक तस्वीर साफ हो जाएगी। 25 जून को सुबह 11 से शाम 5 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। :: 18 हजार रू. तक तय हुई फीस, रिफंड का प्रावधान नहीं :: चुनाव समिति ने इस बार अलग-अलग पदों के लिए नामांकन फीस का ढांचा भी तय कर दिया है। खास बात यह है कि यदि कोई प्रत्याशी नाम वापस लेता है, तो भी यह राशि किसी स्थिति में लौटाई (रिफंड) नहीं जाएगी। अध्यक्ष व सचिव : पहला फॉर्म 18,000 रुपये, अतिरिक्त फॉर्म 7,000 रुपये। उपाध्यक्ष : पहला फॉर्म 16,000 रुपये, अतिरिक्त फॉर्म 7,000 रुपये। कोषाध्यक्ष व सहसचिव : पहला फॉर्म 14,000 रुपये, अतिरिक्त फॉर्म 7,000 रुपये। कार्यकारिणी सदस्य : पहला फॉर्म 9,000 रुपये, अतिरिक्त फॉर्म 4,000 रुपये। मतदाता सूची का शुल्क : उम्मीदवार को पहले फॉर्म के साथ वोटर लिस्ट निःशुल्क दी जाएगी, लेकिन अलग से अतिरिक्त वोटर लिस्ट की मांग करने पर 3,000 रुपये का शुल्क चुकाना होगा। :: पैम्फलेट-कार्ड पर पूरी तरह बैन, आचार संहिता के नियम कड़े :: मुख्य चुनाव अधिकारी ने साफ कर दिया है कि चुनाव पूरी तरह गरिमामय, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराए जाएंगे। इसके लिए आचार संहिता लागू कर दी गई है। कोई भी उम्मीदवार प्रचार के लिए किसी भी प्रकार के छपे हुए कार्ड या पैम्फलेट (पर्चों) का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले उम्मीदवारों पर चुनाव समिति सख्त दंडात्मक कार्रवाई करेगी। इसके साथ ही समिति ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि 25 जून को कोई प्राकृतिक आपदा या अपरिहार्य परिस्थिति निर्मित होती है, तो समिति को मतदान के समय और कार्यक्रम में बदलाव करने का सर्वाधिकार सुरक्षित होगा। प्रकाश/25 मई 2026