अंतर्राष्ट्रीय
26-May-2026
...


-ईरान बोला- लोगों के अधिकारों की रक्षा से जुड़े मुद्दों पर पीछे नहीं हटेंगे तेहरान,(ईएमएस)। अमेरिका अभी भी ईरान के साथ युद्ध खत्म करने के लिए समझौते की कुछ शर्तों को मानने से इनकार कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रविवार को दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई थी, लेकिन अमेरिका समझौते की कुछ अहम शर्तों में रुकावट डाल रहा है। इनमें ईरान की फ्रीज की गई संपत्तियों को रिलीज करना भी शामिल है। रिपोर्ट में कहा गया कि अभी भी इस बात की संभावना है कि यह समझौता रद्द हो सकता है। ईरान ने साफ कहा है कि वह अपने लोगों के अधिकारों की रक्षा से जुड़े अपने रेड लाइन मुद्दों पर पीछे नहीं हटेगा। रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्‍माईल बाघेई ने टीवी चैनल से बातचीत में कहा था कि ईरान और अमेरिका युद्ध खत्म करने के लिए एक समझौते को अंतिम रूप देने पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस समय हमारा मुख्य ध्यान इस थोपे गए युद्ध को खत्म करने पर है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों की कोशिश पहले 14 बिंदुओं वाले एक एमओयू पर सहमति बनाने की है। उन्होंने कहा कि 30 से 60 दिनों के भीतर तेहरान और वॉशिंगटन के बीच एक अंतिम समझौता हो सकता है। उनके मुताबिक समझौते में जिन बड़े मुद्दों पर बात हो रही है, उनमें अमेरिका की समुद्री कार्रवाई या नौसैनिक नाकेबंदी को रोकना और ईरान की फ्रीज की गई संपत्तियों को जारी करना शामिल है। ईरान, अमेरिका-इजरायल के बीच 8 अप्रैल को युद्धविराम हुआ था। इससे पहले 40 दिनों तक लड़ाई चली थी, जिसकी शुरुआत 28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल दोनों ने मिलकर ईरान पर किए हमले किए थे। सीजफायर के बाद ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधिमंडलों ने 11 और 12 अप्रैल को पाकिस्तान की राजधानी इस्‍लामाबाद में एक दौर की शांति वार्ता की थी लेकिन उसमें कोई समाधान नहीं निकल सका था। सिराज/ईएमएस 26 मई 2026