जहानाबाद पुलिस मुठभेड़ में गोवध निवारण अधिनियम का वांछित अभियुक्त घायल, अवैध तमंचा बरामद फतेहपुर (ईएमएस)। थाना जहानाबाद क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोवध निवारण अधिनियम के मामले में वांछित एक अभियुक्त घायल हो गया। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ ग्राम निरखी रोड के पास, चन्दीपुर गांव के निकट हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस के मुताबिक मुकदमा अपराध संख्या 80/2026 धारा 3/5/8 गोवध निवारण अधिनियम थाना जहानाबाद से संबंधित वांछित अभियुक्त हफीज पुत्र अफसर अली निवासी चन्दीपुर थाना जहानाबाद जनपद फतेहपुर, उम्र करीब 45 वर्ष, पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हो गया। उसके दाहिने पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस 315 बोर, एक खोखा कारतूस (तमंचे की नाल में फंसा हुआ), एक लोहे का चापड़ तथा एक लकड़ी का ठीहा बरामद होने की बात कही है। पुलिस के अनुसार मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना जहानाबाद में पहले से दो अभियोग दर्ज हैं, जबकि अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। शीबू खान/ ईएमएस 26 मई, 2026