जशपुर(ईएमएस)। जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक 22 वर्षीय महिला ने मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, महिला मंगलवार सुबह करीब 5 बजे कुनकुरी थाना परिसर के पास लगे मोबाइल टावर के पास पहुंची। इसके बाद वह लगभग 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई और दुपट्टे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि महिला ने घटना से कुछ समय पहले डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को अपनी समस्या बताई थी। पुलिस द्वारा उसे समझाइश भी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद वह टावर पर चढ़ गई। मृतका की पहचान निलिमा लकड़ा (22 वर्ष) निवासी ग्राम धुमाडांड के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थी और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। बताया जा रहा है कि वह अक्सर मोबाइल पर सुसाइड से जुड़े वीडियो भी देखा करती थी। घटना से एक दिन पहले निलिमा अपनी 4 वर्षीय बेटी का आधार कार्ड बनवाने और जन्म प्रमाण पत्र से जुड़ी प्रक्रिया के लिए परेशान थी और अपनी मां के साथ अस्पताल भी गई थी। इसके बाद वह अचानक लापता हो गई थी, जिसके बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही कुनकुरी पुलिस, नगर सेना, SDRF और नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने महिला को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन करीब 3–4 घंटे चले अभियान के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर एएसपी राकेश पटनवार, एसडीएम नंदजी पांडे, एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)26 मई 2026