जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। जिले में आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने के मामले में चांपा पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और 46,270 रुपये नकद जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। सूचना में बताया गया था कि चांपा क्षेत्र के मंझली तालाब के पास एक युवक कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है और हार-जीत के दांव लगाए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही चांपा थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संदीप यादव (27 वर्ष) बताया, जो वार्ड क्रमांक 26, मंझली तालाब क्षेत्र, चांपा का निवासी है। जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन की तलाशी ली गई, जिसमें आईपीएल मैच पर सट्टेबाजी से संबंधित चैट, लेन-देन और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नकदी और मोबाइल जब्त कर लिया। थाना चांपा में आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 07 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के अन्य कनेक्शनों की भी जांच की जा रही है और आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह की अवैध गतिविधियों से दूर रहें, क्योंकि ऑनलाइन सट्टा न केवल कानूनन अपराध है बल्कि इससे आर्थिक नुकसान भी होता है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)26 मई 2026