राष्ट्रीय
26-May-2026


- मतदान केंद्र के बाहर हुई झड़प, पु‎लिस अ‎धिका‎रियों ने स्थिति संभाली फरीदकोट (ईएमएस)। फरीदकोट के वार्ड नंबर 17 में निकाय चुनाव के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब आर्मी कैंट के जवानों को वोट डालने से रोकने के गंभीर आरोप सामने आए। इस घटना के बाद मतदान केंद्र के बाहर विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थक आपस में भिड़ गए और भारी हंगामा शुरू हो गया। बिगड़ती स्थिति को देखते हुए पुलिस को तत्काल हस्तक्षेप करना पड़ा। भाजपा प्रत्याशी विमल रांझा और नेता संदीप सिंह सनी बराड़ ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर 17 में करीब एक हजार आर्मी कैंट जवानों और उनके परिवारों के वोट बने हुए हैं, जो फरीदकोट के नियमित मतदाता हैं। उनके मुताबिक, जब ये जवान मतदान करने पहुंचे, तो कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों व समर्थकों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे माहौल गरमा गया और मतदान केंद्र के बाहर भारी हंगामा शुरू हो गया। जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समर्थकों को हटाया और स्थिति नियंत्रित की। मतदान प्रक्रिया दोबारा बहाल की गई। इस दौरान धक्का-मुक्की व अफरा-तफरी भी हुई। भाजपा ने इसे जानबूझकर परेशान करने का आरोप लगाया है। अन्य दलों की प्रतिक्रिया फिलहाल नहीं आई। पुलिस ने अब स्थिति नियंत्रित बताते हुए शांतिपूर्ण मतदान जारी रहने और सुरक्षा बढ़ाने की बात कही है। सतीश मोरे/26मई ---