राष्ट्रीय
26-May-2026


- श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर श्रीनगर (ईएमएस)। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आगामी ईद उल जुहा के मद्देनजर सोमवार को हजरतबल दरगाह का दौरा किया और वहां जारी तैयारियों का गहन जायजा लिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और वक्फ बोर्ड प्रशासन को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए जाएं, साथ ही दरगाह की पवित्रता को हर हाल में बनाए रखा जाए। निरीक्षण के दौरान, उपराज्यपाल ने दरगाह परिसर में बिजली, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता की हों ताकि ईद के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। उपराज्यपाल ने दरगाह के मुख्य इमाम मुफ्ती रियाज उल हक, अन्य उलेमा और स्थानीय नागरिकों से भी बातचीत की, जिसमें तैयारियों और व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया। इस मौके पर जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. सैयद दरख्शां अंद्राबी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सतीश मोरे/26मई ---