राष्ट्रीय
26-May-2026


- पांच घंटे की मशक्कत और चार दमकलों ने पाया काबू संभल (ईएमएस)। हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन स्थित एक किराने की दुकान में मंगलवार तड़के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। कचरा बीनने वालों की सूचना पर पहुंची दमकल की चार गाड़ियों ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों का सामान जलकर खाक हो चुका था। चारा मंडी निवासी की बाजार गंज स्थित दुकान में मंगलवार सुबह लगभग चार बजे दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलते देख कचरा बीनने वालों ने आसपास के लोगों को जगाया और दुकानदार को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही दुकानदार मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दुकान में रखे किराना सामान, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील वस्तुओं के चलते आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। सूचना के करीब एक घंटे बाद दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए विभाग को कुल चार दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने पांच घंटे तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित दुकानदार के अनुसार दुकान में रखा करीब 40 से 50 लाख रुपये का सारा सामान जलकर राख हो गया है। उन्होंने बताया कि दुकान पूरी तरह भरी हुई थी। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार सदमे में है। सतीश मोरे/26मई ---