- 26 मार्च को वारदात में बाईं आंख गंवाई, पीड़ित ने आरोपित और उसके पिता पर दबाव बनाने का आरोप लगाया रांची (ईएमएस)। चुटिया थाना क्षेत्र में करीब दो माह पहले हुई एक गोलीबारी की घटना में एक युवक की बाईं आंख की रोशनी चली गई है। पीड़ित इंदर कुमार महतो ने अब जाकर राजा कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें आरोप है कि आरोपित और उसके पिता ने लगातार उन पर मामला दर्ज न कराने का दबाव बनाया था। गोसाई टोली निवासी इंदर महतो ने चुटिया थाने को दिए आवेदन में बताया कि 26 मार्च को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे राजा कुमार ने उनके घर के सामने बेवजह उन पर गोली चला दी, जो उनकी बाईं आंख में लगी। गंभीर रूप से घायल इंदर को इलाज के लिए कश्यप मेमोरियल और सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के बावजूद उनकी बाईं आंख की रोशनी पूरी तरह चली गई है। इंदर ने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपित राजा और उसके पिता धनेश्वर महतो लगातार उन्हें एफआईआर दर्ज न कराने के लिए बहकाते और दबाव बनाते रहे। उनकी लगातार बिगड़ती तबीयत भी प्राथमिकी दर्ज कराने में देरी का एक कारण बनी। अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए उन्होंने कहा कि आरोपित खुलेआम घूम रहा है, जिससे परिवार में भय का माहौल है। चुटिया थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि पुरानी घटना होने के बावजूद इसे गंभीरता से लिया जा रहा है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सतीश मोरे/26मई ---