धमतरी (ईएमएस)। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जिसमें आग बुझाने जा रहे अग्निशमन वाहन की टक्कर खड़े हुए एक तूफान वाहन से हो गई। इस दुर्घटना में फायर ब्रिगेड के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना दुगली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, अग्निशमन वाहन नगरी से बागतराई क्षेत्र में लगी आग पर काबू पाने के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान गट्टासिल्ली मोड़ के पास वाहन अनियंत्रित होकर पहले से खड़े तूफान वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में अग्निशमन वाहन के चालक फलेंद्र साहू (निवासी नगरी) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में मौजूद कंडक्टर राजू साहू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच शुरू की गई। मृतक चालक के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और आपातकालीन वाहनों के सुरक्षित संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। - (ईएमएस) 26 मई 2026