- 6 कबाड़ी संचालकों पर कार्रवाई रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर में चोरी के सामान की अवैध खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने कबाड़ियों और यार्ड संचालकों के खिलाफ सघन अभियान चलाया है। नॉर्थ जोन पुलिस की टीम ने खमतराई, गुढ़ियारी और उरला क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए 6 कबाड़ी संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के निर्देशन में की गई। अभियान में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने कबाड़ी दुकानों और स्क्रैप यार्ड्स पर छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान करीब 38 हजार रुपये मूल्य का कबाड़ और अन्य संदिग्ध सामग्री जब्त की गई है। इस अभियान का उद्देश्य चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाना और चोरी के सामान की अवैध बिक्री को रोकना है। खमतराई थाना क्षेत्र के रावांभाठा में विजय टंडन और अवध राम नवरंगे की कबाड़ी दुकानों पर दबिश दी गई, जहां से लोहे के पाइप, तार और स्क्रैप बरामद हुआ। इसी तरह गुढ़ियारी क्षेत्र में गिरधारी साहू और आदर्श गोयल के ठिकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप जब्त किया गया। उरला थाना क्षेत्र के मेटल पार्क स्थित एक यार्ड में रमन के प्रतिष्ठान से लोहे के पाइप और सरिया बरामद किए गए। वहीं सरोरा स्थित एसएल ट्रेडर्स में भी जांच के दौरान लोहे के पाइप मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान कुछ वाहनों को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने सभी 6 कबाड़ी संचालकों के खिलाफ बीएनएस और बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने कबाड़ी कारोबारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे किसी भी संदिग्ध या चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त न करें और ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी के सामान की बिक्री पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। - (ईएमएस) 26 मई 2026