क्षेत्रीय
26-May-2026
...


- सुशील शुक्ला ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल रायपुर (ईएमएस)। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के साथ हुई ठगी के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने इस घटना को लेकर राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। सुशील शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दौरान रसूखदार लोगों को निशाना बनाकर ठगी और उगाही जैसे मामलों में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन के पीए के नाम पर ठगी होना गंभीर मामला है, जो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। कांग्रेस नेता ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ हुई लूट की घटना का भी जिक्र करते हुए कहा कि अब भाजपा विधायकों तक को अपराधी निशाना बना रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब दो विधायकों के साथ ऐसी घटनाएं हो सकती हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। इधर, रामभद्राचार्य और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के बयान पर भी सियासत तेज हो गई है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा था कि कांग्रेस नेताओं को इस तरह के बयानों से बचना चाहिए और देशहित में बात करनी चाहिए। विधायक के बयान पर पलटवार करते हुए सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को किसी से सीख लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि रामभद्राचार्य पर की गई टिप्पणी तथ्यों पर आधारित है और वे भाजपा के विचारों के प्रचारक के रूप में काम कर रहे हैं। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि रामभद्राचार्य ने कई बार शंकराचार्य और विभिन्न परंपराओं पर सवाल उठाए हैं, इसलिए उनके बयानों पर चर्चा स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने नेताओं के साथ खड़ी है और भाजपा इस मुद्दे को राजनीतिक रूप देने की कोशिश कर रही है। - (ईएमएस) 26 मई 2026