क्षेत्रीय
26-May-2026
...


जगदलपुर (ईएमएस)। बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर के रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा एवं रेल परिसर की निगरानी को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा आज साेमवार काे विशेष जांच अभियान में स्निफर डॉग “शेरा” की मदद से ट्रेनों एवं स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों में तथा इस दौरान यहां पंहुची यात्री ट्रेन संख्या 58502, 18107 एवं 18447 में नारकोटिक एवं (एंटी-सैबोटाज)विस्फोटकों, संदिग्ध वस्तुओं या तोड़-फोड़ की साजिश का पता लगाकर उन्हें निष्प्रभावी करने की जांच की गई। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व आरपीएफ निरीक्षक प्रवीण कुमार द्वारा किया गया। उनके मार्गदर्शन में टीम ने पूरे अभियान को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया। अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु, विस्फोटक सामग्री अथवा मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ। सभी ट्रेनों का संचालन सामान्य पाया गया और स्टेशन की स्थिति पूरी तरह सुरक्षित एवं नियंत्रण में रही। निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल द्वारा समय-समय पर इस प्रकार की आकस्मिक एवं सघन जांच लगातार की जाती है, जिससे किसी भी संभावित खतरे को पहले ही रोका जा सके। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इसी प्रकार की जांच के दौरान स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में अवैध मादक पदार्थ, विशेषकर गांजा सहित अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की जा चुकी है। इसी कारण रेलवे सुरक्षा बल की टीम हमेशा हाई अलर्ट पर रहती है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहती है। उन्हाेने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी इस प्रकार की औचक जांच एवं अभियान लगातार जारी रहेंगे। - 26 मई 2026