क्षेत्रीय
26-May-2026
...


- हैंडपंप के आसपास दलदल और गंदगी से ग्रामीण परेशान जशपुर (ईएमएस)। जिले के पत्थलगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तमता के घुटरापारा में पेयजल व्यवस्था को लेकर विभागीय लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां ग्रामीणों की सुविधा के लिए करीब एक वर्ष पहले हैंडपंप का खनन कराया गया था, लेकिन आज तक उसके नीचे न तो पक्का फाउंडेशन बनाया गया है और न ही पानी निकासी की उचित व्यवस्था की गई है। स्थिति यह है कि हैंडपंप से निकलने वाला पानी आसपास ही फैलकर जमा हो जाता है, जिससे पूरे क्षेत्र में भारी कीचड़ और दलदल बन गया है। सोखता गड्ढा न होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है और वहां बदबू फैलने लगी है। ऐसे में ग्रामीणों को गंदगी और दलदल के बीच खड़े होकर पीने का पानी भरना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीण राजेंद्र एक्का ने बताया कि मोहल्ले के लोग पिछले एक साल से इसी हैंडपंप पर निर्भर हैं। उन्होंने कहा कि हैंडपंप में पर्याप्त पानी उपलब्ध है, लेकिन आधारभूत संरचना के अभाव में पूरा क्षेत्र दलदल में तब्दील हो चुका है। कई बार विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। ग्रामीणों का कहना है कि स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। खासकर बारिश और गर्मी के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हैंडपंप के नीचे तत्काल पक्का फाउंडेशन, उचित जल निकासी व्यवस्था और सोखता गड्ढा बनाया जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में पेयजल उपलब्ध हो सके और इस समस्या से राहत मिल सके। - (ईएमएस) 26 मई 2026