क्षेत्रीय
26-May-2026
...


मुरैना ( ईएमएस ) | शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के अंतर्गत कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय, मुरैना में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कुल 315 आवेदकों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। जनसुनवाई में प्राप्त गंभीर प्रकृति के 55 आवेदनों को कलेक्टर द्वारा टीएल (टाइम लिमिट) में दर्ज करते हुए निर्देश दिए गए कि इन प्रकरणों की सुनवाई आगामी टीएल बैठक में संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में की जाएगी, जिससे समस्याओं का प्रभावी एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित हो सके। मंगलवार, 26 मई को आयोजित जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, छात्रवृत्ति, अतिथि शिक्षक, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, पेंशन, स्वच्छता, अतिक्रमण तथा सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतों को जन आकांक्षा पोर्टल पर तत्काल अपलोड कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के वार्ड क्रमांक-47 निवासी सतीश चन्द्र पुत्र विद्याराम एवं ओमप्रकाश पुत्र गुलाब सिंह ने आवेदन प्रस्तुत कर अवगत कराया कि वृद्धावस्था में उनका कोई सहारा नहीं है। इस पर कलेक्टर ने दोनों वृद्धजनों की पारिवारिक स्थिति का परीक्षण कराने के उपरांत सामाजिक न्याय विभाग को उन्हें वृद्धाश्रम में आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार पोरसा निवासी जलदेवी पत्नी फोदल सिंह ने आवेदन प्रस्तुत कर शिकायत की कि उनके मकान पर लड़कों द्वारा जबरन कब्जा कर लिया गया है। कलेक्टर ने इस मामले में तत्काल एसडीएम अंबाह को भरण-पोषण अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री जांगिड़ ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के निराकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत, डिप्टी कलेक्टर उमेश अवस्थी, श्रीमती प्रतिज्ञा शर्मा सहित समस्त जिला अधिकारी उपस्थित रहे।