क्षेत्रीय
26-May-2026


ग्वालियर ( ईएमएस ) । सिरोल रोड पर न्यू कलेक्ट्रेट के सामने दो दिन पहले सड़क हादसे में घायल श्रेष्ठ गुप्ता का इलाज के दौरान एमबीबीएस फाइनल ईयर के न्यूरोलॉजी में निधन हो गया। जीआरएमसी के छात्र की मौत होने की खबर से पूरा कॉलेज स्तब्ध और दुखी है। जेएएच प्रबंधन द्वारा परिजनों को हादसे की सूचना दी, जिसके बाद वह आए। मृतक छात्र का पोस्टमार्टम कराकर शव उन्हें सौंप दिया गया। छात्र श्रेष्ठ गुप्ता बिहार का रहने वाला है। सिरोल रोड पर न्यू कलेक्ट्रेट के सामने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात घायल हालत में मिले एमबीबीएस फाइनल ईयर के छात्र श्रेष्ठ गुप्ता को सबसे पहले एक कार चालक ने स्पॉट किया था। यह बात अभी तक रहस्य बनी हुई है कि हादसा हुआ कैसे। क्या चिकित्सा छात्र की बाइक फिसली या किसी वाहन चालक ने टक्कर मारी या अन्य कारण रहा यह अभी तक कुछ पता नहीं चला है। कार चालक ने जब सड़क पर बेसुध पड़े श्रेष्ठ गुप्ता को स्पॉट किया था, उस समय उनकी हालत गंभीर थी। इसलिए बिना देरी किए वह इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गया। वहां चिकित्सकों ने जब श्रेष्ठ गुप्ता की हालत देखी तो तुरंत जेएएच ले जाने के लिए कहा था और रात में ही घायल श्रेष्ठ गुप्ता को न्यूरोलॉजी में भर्ती कराया गया था। सड़क पर घायल पड़े एमबीबीएस के छात्र को एक निजी अस्पताल में काम करने वाले ओटी टेक्नीशियन मनीष गोस्वामी ने देखा था। लहूलुहान हालत में पड़े युवक को निजी अस्पताल पहुंचाया। मनीष ने ही बताया था कि घायल की बाइक उससे 10 फीट की दूरी पर गिरी पड़ी थी। जेएएच में उसकी हालत देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत ऑपरेशन किया था। इसके बाद भी हालत गंभीर बनी रही।