क्षेत्रीय
26-May-2026


अंबरनाथ, (ईएमएस)। अंबरनाथ पश्चिम रेलवे स्टेशन परिसर स्थित रिक्शा स्टैंड के पीछे खुले मैदान में चल रहे अवैध जुए के अड्डे पर अंबरनाथ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी और जुए में इस्तेमाल होने वाला सामान भी बरामद किया है। इस मामले में अंबरनाथ पुलिस थाने में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 मई को दोपहर करीब पौने चार बजे अंबरनाथ रेलवे स्टेशन पश्चिम स्थित रिक्शा स्टैंड के पीछे खुले मैदान में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से जुआ खेलने और खिलाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अंबरनाथ पुलिस थाने के पुलिसकर्मी मंगेश रामराव सूर्यवंशी और उनकी टीम ने मौके पर तत्काल छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने जुआ खेल रहे सोमनाथ जगन्नाथ परदेशी (48 वर्ष, निवासी खुंटवली, अंबरनाथ पश्चिम) और कैलास मारुति भालेराव (52 वर्ष, निवासी लक्ष्मी नगर, अंबरनाथ पश्चिम) को हिरासत में लिया। वहीं जुआ खिलाने वाले मुख्य आरोपी रमेश राजधानी गुप्ता (45 वर्ष) को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान पुलिस ने सोमनाथ परदेशी के पास से 400 रुपये नकद और जुए से संबंधित पीली पर्ची, कैलास भालेराव के पास से 350 रुपये नकद और पर्ची, जबकि रमेश गुप्ता के कब्जे से 1250 रुपये नकद तथा जुए में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया। पुलिस ने कुल बरामद सामग्री को जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद अंबरनाथ पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंधक अधिनियम की धारा 12 (अ) के तहत अपराध क्रमांक 241/2026 दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक अहिर द्वारा की जा रही है। संतोष झा- २६ मई/२०२६/ईएमएस