*राहत राशि प्रकरण एवं सोलेशियम फंड के लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश* *आगामी त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए* *360 डिग्री अभियान के तहत सीसीटीवी कैमरे लगाने एवं निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर दिया जोर* *सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं जन चेतना शिविर आयोजित करने के निर्देश — हेलमेट एवं ओवरस्पीडिंग को लेकर सख्ती बरतने के निर्देश* सिरोंज (ईएमएस)। पुलिस लाइन विदिशा में पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी की उपस्थिति में जिले की मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित विभिन्न शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान लंबित गंभीर अपराध, महिला संबंधी अपराध, पॉक्सो एक्ट, एससी/एसटी एक्ट के लंबित प्रकरण, राहत राशि प्रकरण, सोलेशियम फंड से संबंधित प्रकरण, लंबित मर्ग, चालान, खात्मा एवं खारजी प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा इनके त्वरित निराकरण हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही गंभीर अपराधों में जमानत निरस्तीकरण की कार्यवाही एवं एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी द्वारा निर्देशित किया गया कि पात्र पीड़ितों को समयसीमा में राहत राशि एवं सोलेशियम फंड का लाभ उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए लंबित प्रकरणों में आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त साइबर अपराध एवं ऑनलाइन फ्रॉड, सीसीटीएनएस प्रविष्टियों की स्थिति, वारंट/समन तामीली, संपत्ति संबंधी अपराध, प्रतिबंधात्मक कार्यवाही एवं सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में 360 डिग्री अभियान के तहत जिलेभर में प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने एवं निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना क्षेत्रों में कैमरों की उपलब्धता, उनकी मॉनिटरिंग एवं अपराध नियंत्रण में तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही जिलेभर में सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं जन चेतना शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु हेलमेट पहनने, ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण, यातायात नियमों के पालन एवं सुरक्षित वाहन संचालन को लेकर प्रभावी जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। आमजन, वाहन चालकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सड़क सुरक्षा, साइबर जागरूकता, नशे के दुष्प्रभाव एवं सामाजिक सुरक्षा संबंधी विषयों पर जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के दौरान आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए जिले के समस्त थानों में सौंदर्यीकरण, भवन मरम्मत, साफ-सफाई एवं जनसुविधाओं की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा थानों में पेयजल, स्वच्छता एवं आमजन से जुड़े व्यवस्थागत सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक काशवानी ने बेहतर पुलिसिंग एवं विवेचना की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने, कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रखने, कार्यों में बेहतर प्लानिंग एवं टीम भावना के साथ कार्य करने पर बल दिया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को गंभीर अपराधों की स्वयं मॉनिटरिंग करने एवं कार्यों को व्यवस्थित एवं सिस्टमाइज तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही ड्यूटी के दौरान आमजन से अच्छा एवं संवेदनशील व्यवहार करने, शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा पुलिस की सकारात्मक छवि को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में गौवंश से संबंधित अपराधों पर सख्त कार्रवाई, स्कूल एवं कॉलेजों के आसपास सिगरेट, तंबाकू एवं अन्य मादक पदार्थों की बिक्री के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करने तथा शैक्षणिक संस्थानों में नियमित संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक काशवानी द्वारा अपराधों के समय-सीमा में निराकरण, गुणवत्तापूर्ण विवेचना एवं उत्कृष्ट पुलिस कार्य के लिए थाना प्रभारियों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत भी किया गया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी गंभीर अपराधों एवं लंबित प्रकरणों के निराकरण में तत्परता एवं पेशेवर दक्षता के साथ कार्य करें, जिससे आमजन को त्वरित न्याय मिल सके एवं पुलिस व्यवस्था के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो। बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह, एसडीओपी लटेरी अमरेश बोहरे, एसडीओपी बासौदा श्रीमती शिखा भलावी, एसडीओपी कुरवाई सुश्री रोशनी सिंह, एसडीओपी सिरोंज सुश्री सोनू डावर, रक्षित निरीक्षक भूर सिंह चौहान, फिंगर प्रिंट शाखा प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र साहू, मुख्य लिपिक श्री सुनील वर्मा सहित जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारी एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। ईएमएस/मोहने/ 25 मई 2026