बेंगलुरु (ईएमएस)। बेंगलुरु से चेन्नई जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में मंगलवार को अचानक धुआं दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक फ्लाइट संख्या 6ई-6017 में धुएं जैसी स्थिति बनने के बाद इमरजेंसी प्रक्रिया अपनाई गई और यात्रियों को तुरंत इमरजेंसी गेट के जरिए बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि विमान में धुआं दिखाई देने के बाद यात्रियों के बीच घबराहट फैल गई। एयरपोर्ट स्टाफ और क्रू मेंबर्स ने तुरंत स्थिति को संभाला और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है। इंडिगो की ओर से फिलहाल विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जानकारी में तकनीकी खराबी या किसी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से धुआं उठने की आशंका जताई जा रही है। विमान को फिलहाल जांच के लिए रोक दिया गया है। हाल के दिनों में विमानों में धुआं, आग या तकनीकी खराबी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर भी इंडिगो की एक फ्लाइट में पावर बैंक में आग लगने के बाद इमरजेंसी निकासी करानी पड़ी थी। विमानन सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुट गई हैं और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया गया है। सुबोध/२६ -०५-२०२६