राज्य
26-May-2026
...


:: 140 से अधिक मीडियाकर्मियों और उनके परिजनों ने उठाया चिकित्सा सुविधाओं का लाभ :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर प्रेस क्लब और एलएनसीटी मेडिकल कॉलेज एंड सेवाकुंज हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में पत्रकारों एवं उनके परिजनों के लिए दो दिवसीय नि:शुल्क मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए आयोजित इस शिविर में 140 से अधिक मीडियाकर्मियों और उनके परिवारों ने अपनी जांच कराई। प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम और महासचिव प्रदीप जोशी ने बताया कि शिविर में न केवल विशेषज्ञ परामर्श दिया गया, बल्कि एमआरआई और सीटी स्कैन जैसी महंगी जाँचें और जटिल ऑपरेशन भी पूरी तरह नि:शुल्क किए गए। यहाँ हृदय, कैंसर, पेट, हड्डी, दंत, स्त्री, शिशु, नाक-कान-गला और नेत्र रोग के विशेषज्ञों ने सेवाएं दीं। शिविरार्थियों के लिए प्रेस क्लब से अस्पताल तक विशेष वाहन व्यवस्था भी की गई थी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. शक्तिवर्धन ने कहा कि सेवाकुंज हॉस्पिटल और इंदौर प्रेस क्लब एक परस्पर सहयोगी की भूमिका में रहेंगे, क्योंकि डॉक्टर और पत्रकार दोनों का ही गहरा सामाजिक सरोकार है। इस शिविर का संयोजन डॉ. नितिन राठौर ने किया। प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के दौर में जहाँ इलाज का खर्च आम आदमी के बूते से बाहर होता जा रहा है, ऐसे समय में सेवाकुंज हॉस्पिटल के ये प्रयास समाज को बड़ी राहत देने वाले हैं। महासचिव प्रदीप जोशी ने कहा कि इस भागदौड़ भरी जिंदगी में निरंतर कार्य करने के लिए शरीर को स्वस्थ रखना पहली आवश्यकता है। इस मौके पर प्रेस क्लब कार्यकारिणी के सदस्य और अनेक पत्रकार उपस्थित थे। प्रकाश/26 मई 2026