राज्य
26-May-2026


*राजनांदगांव (ईएमएस)! श्री खाटू श्याम लखदातार सेवा परिवार द्वारा 25 मई से 29 मई 2026 तक श्याम भक्ति का अमृत महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह पांच दिवसीय धार्मिक एवं भक्ति कार्यक्रम श्री खाटू धाम गायत्री विद्या पीठ परिसर केसर नगर में आयोजित होगा। महोत्सव का मुख्य संदेश करने वाले श्याम, कराने वाले श्याम रखा गया है। आयोजन के दौरान प्रतिदिन भव्य श्याम संकीर्तन, भजन संध्या एवं बाबा श्याम की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने बताया कि पुरुषोत्तम एकादशी के पावन अवसर पर 27 मई 2026 को विशेष भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा जिसमें खाटू श्याम जी निज मंदिर सेवक परिवार से पधार रहे प्रसिद्ध कथावाचक एवं पुजारी महाराज श्री मानवेंद्र सिंह चौहान कान्हा भैया अपनी विशेष उपस्थिति देंगे। इसके साथ ही राजस्थान से प्रसिद्ध भजन गायक योगेश शर्मा खाटू वाले तथा श्रीधाम वृंदावन से ब्रज रसिक पारस लाड़ला अपने मधुर भजनों से बाबा श्याम का गुणगान करेंगे और भक्तों को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। पूरे आयोजन को लेकर श्याम भक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से सपरिवार उपस्थित होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।कार्यक्रम स्थल को आकर्षक सजावट एवं भव्य रोशनी से सजाया जाएगा। आयोजन के दौरान भक्तों के लिए विशेष प्रसाद एवं सेवा व्यवस्था भी की जाएगी। अंत में समिति ने कहा कि यह महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि श्याम भक्तों की आस्था, प्रेम और भक्ति का संगम है, जहां हर भक्त बाबा श्याम के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करेगा। ईएमएस/मोहने/ 26 मई 2026