बालाघाट (ईएमएस). कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक मृणाल मीना के मार्गदर्शन में 26 मई को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों द्वारा पैक्स समितियों एवं शाखाओं का संयुक्त औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद भंडारण, ऋण वितरण, ई-टोकन व्यवस्था एवं शाखाओं के संचालन का जायजा लिया गया। निरीक्षण के तहत बैंक सीईओ अभिनव सिंह बघेल एवं प्रबंधक लेखा पी. जोशी ने पैक्स समिति समनापुर तथा शाखा लामता एवं परसवाड़ा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पैक्स समितियों के खाद भंडारण केंद्रों का भौतिक सत्यापन किया, जहां खाद का स्टॉक सही पाया गया। बैंक सीईओ बघेल ने जिले के किसानों से अपील करते हुए कहा कि समितियों में खाद का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। किसान समय रहते खाद का उठाव कर लें, ताकि बारिश से पहले अतिरिक्त खाद का भंडारण किया जा सके और किसानों को आवश्यकता के समय किसी प्रकार की परेशानी न हो। अधिकारियों ने पैक्स समितियों में उपस्थित किसानों एवं कर्मचारियों से ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। इसके साथ ही ईआरपी सिस्टम, पीओएस मशीन संचालन, सदस्यता अभियान पंजी, दैनिक रोकड़ बही, कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी एवं सीसीटीवी कैमरों की जांच भी की गई। शाखाओं की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान बैंक सीईओ अभिनव सिंह बघेल ने शाखा एवं समिति कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कालातीत ऋणों की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित की जाए तथा ऋण वितरण का कार्य निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाए रखने के लिए ऋण वसूली एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर ऋषि कुमार बिसेन, अनिरुद्ध वागदे सहित संबंधित संस्था प्रबंधक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। भानेश साकुरे / 26 मई 2026