क्षेत्रीय
26-May-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। 26 मई को उप संचालक (खनिज प्रशासन) फरहत जहां के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम द्वारा ग्राम जागपुर में जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान खनिज निरीक्षक बसंत कुमार पाटिल एवं सिपाही दिलशाद कुरैशी द्वारा क्षेत्र में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन की जांच की गई। जांच के दौरान तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जप्त किए गए वाहनों में ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 50 एए 1348 शामिल है, जिसका चालक संजय निवासी रेंगाटोला तहसील वारासिवनी बताया गया है। दूसरा ट्रैक्टर एमपी 50 एए 2807 है, जिसे प्रवेश ठाकरे निवासी ग्राम रेंगाटोला तहसील वारासिवनी चला रहा था। वहीं तीसरा महेंद्रा कंपनी का बिना नंबर का ट्रैक्टर पाया गया, जिसके चालक एवं मालिक रोहित मिश्रा पिता सुरेश मिश्रा निवासी ग्राम जागपुर तहसील वारासिवनी बताए गए हैं। खनिज विभाग द्वारा तीनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रेत सहित जप्त कर लिया गया है। इनमें से बिना नंबर वाले महेंद्रा ट्रैक्टर में तकनीकी खराबी पाए जाने और वाहन के चलने की स्थिति में नहीं होने के कारण उसे आगामी आदेश तक वाहन मालिक की सुपुर्दगी में दिया गया है। शेष दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सुरक्षा की दृष्टि से कलेक्टर कार्यालय स्थित खनिज शाखा परिसर में रखा गया है। खनिज विभाग ने बताया कि उक्त सभी वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि जिले में इस प्रकार की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। भानेश साकुरे / 26 मई 2026