रायसेन। नौतपा की भीषण गर्मी के बीच जिले के ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं पानी की समस्या लेकर पहुंचीं। ग्रामीणों ने कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा और एडीएम मनोज उपाध्याय को आवेदन सौंपते हुए कहा कि गांवों में दो बाल्टी पानी तक नसीब नहीं हो रहा है और लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। नकतरा, अमरावद और चिलवाहा गांव से पहुंचे ग्रामीणों और महिलाओं ने प्रशासन के सामने अपनी परेशानी रखते हुए बताया कि गांवों में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पानी की व्यवस्था बनाने में पीएचई विभाग रायसेन के अधिकारी नाकाम साबित हो रहे हैं।नकतरा गांव के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नलजल योजना अधूरी पड़ी है और पीएचई विभाग इसे जल्दबाजी में हैंडओवर करने की तैयारी में है। जबकि ग्राम पंचायत इसके लिए सहमति नहीं दे रही। ग्रामीणों के मुताबिक योजना के तहत टैंकरों से जल सप्लाई भी नियमित नहीं हो पा रही है। गांव में तीन बोर कराए गए, लेकिन सभी एक के बाद एक फेल हो गए। नई पानी टंकी में लीकेज होने से पाइप लाइन के जरिए जल सप्लाई की योजना भी अधर में लटक गई है। ग्रामीण सोनम नामदेव ,अंजना साहू, पवन नामदेव और सुनील साहू ने प्रशासन को सुझाव दिया कि अमरावद डैम से पानी सप्लाई की व्यवस्था की जाए।तभी स्थायी समाधान संभव है। उनका कहना था कि अब तक किए गए सभी प्रयास नाकाफी साबित हुए हैं। वहीं चिलवाहा गांव से आईं ममता बाई, मंजू बंजारा और देवकी बंजारा ने बताया कि गांव में न हैंडपंप हैं और न ही कुएं-बावड़ी में पानी बचा है। ऐसे में ग्रामीणों को एक से दो किलोमीटर दूर खेतों में लगे ट्यूबवेलों से पानी लाकर प्यास बुझानी पड़ रही है। महिलाओं ने कहा कि ग्राम पंचायत ने अब तक पानी की स्थायी व्यवस्था नहीं की है, जिससे रोजाना भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी को कई बार आवेदन दिए गए, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। जनसुनवाई में कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा ने आमजन की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई कर निराकरण के निर्देश दिए। कई मामलों में अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा गया। जनसुनवाई में करीब 87 आवेदन प्राप्त हुए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी, एसडीएम मनीष शर्मा सहित अन्य जिला अधिकारी मौजूद रहे। विकासखंड स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई में शामिल हुए। किशोर वर्मा ईएमएस रायसेन 26/05/2026