पेयजल स्रोतों से सिंचाई कर रहे मोटर पंप भी जब्त बालाघाट (ईएमएस). बैहर नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में पेयजल के दुरुपयोग की लगातार मिल रही शिकायतों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। 26 मई को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैहर अर्पित गुप्ता ने क्षेत्र का निरीक्षण कर अवैध रूप से संचालित ईंट भ_ों और पेयजल स्रोतों के दुरुपयोग के मामलों की जांच की। निरीक्षण के दौरान बिना वैधानिक अनुमति संचालित कुल 7 ईंट भ_ों को तत्काल बंद कराया गया। प्रशासनिक कार्रवाई के तहत सिंगबाग बैघाटोला में 2, नरसिंह टोला में 2, कंपाउंडर टोला वार्ड क्रमांक-7 बैघाटोला में 1 तथा मोहबट्टा क्षेत्र में मॉडल स्कूल के पीछे संचालित 2 ईंट भ_ों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा निरीक्षण के दौरान कुछ किसानों द्वारा खेतों में सिंचाई के लिए पेयजल स्रोतों से अवैध रूप से मोटर पंप लगाकर पानी उपयोग किए जाने का मामला भी सामने आया। प्रशासन ने मौके पर लगे मोटर पंप एवं पाइप जब्त कर लिए। एसडीएम अर्पित गुप्ता ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्तमान समय में पेयजल उपलब्धता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना अनुमति पेयजल स्रोतों का उपयोग करने, मोटर पंप लगाने अथवा जल का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि पेयजल का उपयोग केवल आवश्यक घरेलू कार्यों के लिए करें तथा जल संरक्षण में सहयोग दें, ताकि गर्मी के मौसम में सभी नागरिकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके। भानेश साकुरे / 26 मई 2026